फैक्ट चेक: पीएम मोदी के नामांकन में शामिल हुई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू! जानिए वायरल पोस्ट की सच्चाई

पीएम मोदी के नामांकन में शामिल हुई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू! जानिए वायरल पोस्ट की सच्चाई
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से जुड़ी पोस्ट वायरल
  • दावा - पीएम मोदी के नामांकन में शामिल हुईं मुर्मू
  • जानिए वायरल पोस्ट की सच्चाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव जारी है। 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को पहले तीन चरणों की वोटिंग संपन्न हो गई है। चौथे चरण से पहले पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की एक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव नामांकन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल हुईं। बता दें कि 1 जून को सातवे और अंतिम चरण की वोटिंग के बाद 4 जून को परिणाम घोषित किया जाएगा।

दावा - इंजीनियर लोकेश निराला नाम के फेसबुक यूजर ने 6 मई को वायरल तस्वीर अपने अकाउंट से शेयर की। तस्वीर शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, "एक सांसद प्रतियाशी के नामांकन में देश के प्रथम नागरिक देश के राष्ट्रपति का जाना साफ दर्शाता है कि भारत का महान लोकतंत्र अपनी अंतिम सांसे गिन रहा है। और मोदी के नामांकन में अपनी उपस्थिति देकर महामहिम राष्ट्रपति ने देश के सर्वोच्च पद की गरिमा को तार तार कर दिया है। आज़ाद भारत मे आज तक कभी ऐसा नही हुआ होगा कि देश का राष्ट्रपति एक सांसद का नामांकन कराने खुद जाए। जब देश का राष्ट्रपति पद अपनी स्वायत्तता खो चुका हो तो ईडी, सीबीआई जैसी संस्थानों की क्या औकात, उन्हें स्वतंत्र समझना तो हमारी मूर्खता ही होगी।" अन्य यूजर्स भी इस तस्वीर को समान या मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल - वायरल तस्वीर के साथ किए जा रहे दावे की सच्चाई जानने के लिए हमारी टीम ने पड़ताल शुरू की। सबसे पहले हमने गूगल रिवर्स इमेज सर्च टूल की मदद से जानकारी जुटाने की कोशिश की। इस दौरान हमें पीएम मोदी के इंस्टाग्राम हैंडल पर वायरल तस्वीर 25 जून 2022 को पोस्ट की हुई मिली। पोस्ट के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन के दौरान विभिन्न दलों के नेताओं के साथ पीएम मोदी भी मौजूद थे।

पीएम मोदी के एक्स हैंडल पर भी हमें कई तस्वीरें मिली। 24 जून 2022 को ही यह तस्वीरें अपलोड की गई थी। इस तरह हमने जांच में पाया कि लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के नामांकन के दावे के साथ वायरल तस्वीर असल में राष्ट्रपति नामांकन की है। वायरल तस्वीर के साथ किया जा रहा दावा गलत है। राष्ट्रपति नामांकन के दौरान की तस्वीर को संदर्भ से अलग कर गलत दावे के साथ चुनावी दुष्प्रचार के मंशा से वायरल किया जा रहा है। हमारी पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुआ।

Created On :   8 May 2024 1:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story